मैहर में निजी अस्पताल पर गंभीर आरोप: शव सौंपने से पहले पैसों की मांग, परिजनों ने की जांच की मांग

Jul 26, 2026 - 13:00
 0  12
मैहर में निजी अस्पताल पर गंभीर आरोप: शव सौंपने से पहले पैसों की मांग, परिजनों ने की जांच की मांग

मैहर |

 कटनी रोड बाईपास स्थित नागपुर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एक गंभीर विवाद में घिर गया है। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि मरीज की मौत के बाद शव सौंपने से पहले इलाज के नाम पर बकाया राशि जमा कराने का दबाव बनाया गया।

परिजनों के अनुसार, मरीज का अस्पताल में करीब ढाई से तीन घंटे तक उपचार किया गया, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई। उनका आरोप है कि डॉक्टर विपिन सिंह ने इलाज के एवज में ₹25,000 की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने इस मामले की जानकारी मीडिया को दी, तब अस्पताल प्रबंधन ने ₹13,000 लेने के बाद शव सौंपा।

मृतक के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मीडिया के मौके पर पहुंचने से डॉक्टर नाराज हो गए और दोबारा ₹25,000 की मांग करने लगे। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ पत्रकारों ने भी डॉक्टर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि निजी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मनमानी वसूली और मरीजों के परिजनों के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अस्पताल का पक्ष

इस मामले में नागपुर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल या डॉक्टर विपिन सिंह की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow