जमीन विवाद में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, पुलिस पर मामूली धाराओं में केस दर्ज करने का आरोप
पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर अनावेदकगण पर कड़ी कार्रवाई और धाराएं बढ़ाने की मांग की
29 सितंबर की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप
फोटो -
बैतूल/शाहपुर।
ग्राम रामपुरमाल निवासी हजारी यादव ने जमीन विवाद को लेकर परिवार को लगातार प्रताड़ित करने, गाली-गलौच, झगड़े और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है। शिकायत में राधेलाल पिता रामलाल यादव, जगन्नाथ पिता रामलाल यादव, घनश्याम पिता राधेलाल यादव, बबली पति घनश्याम यादव और गीता पत्नी राधेलाल यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
हजारी यादव के अनुसार जमीन और उसकी भूमि पर ट्यूबवेल को लेकर अनावेदकगण आए दिन विवाद करते हैं। उसने बताया कि 29 सितंबर 2026 को एसपी और कलेक्टर की जनसुनवाई में भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में 24 सितंबर को भी अनावेदकगण के खिलाफ शिकायत किए जाने का उल्लेख है।
आवेदन के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 को अनावेदकगण ने हजारी यादव और उसके परिवार के साथ मारपीट की तथा कुल्हाड़ी से हजारी यादव पर जानलेवा हमला किया। हमले में उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं, जिसका उपचार तहसील चिकित्सालय शाहपुर में कराया गया। हजारी यादव का आरोप है कि थाना शाहपुर पुलिस ने मामले में मामूली धाराओं में शिकायत दर्ज की है, जबकि गंभीर धाराएं लगाई जानी चाहिए थीं।
हजारी यादव ने शिकायत में जगन्नाथ पिता रामलाल यादव को पूरे मामले का षडयंत्रकारी बताते हुए उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उसने कहा कि उसे और उसके परिवार को जानमाल का डर बना हुआ है और भविष्य में किसी बड़ी घटना की आशंका है। एसपी से अनावेदकगण के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा दर्ज धाराओं को गंभीर धाराओं में परिवर्तित करने की मांग की गई है।
What's Your Reaction?