चुहरी स्कूल में गुटबाजी का खेल, मध्यावकाश में छात्रों के बीच मारपीट दो छात्रों के सिर में चोट, पहले भी जारी हो चुके हैं नोटिस; स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
दो छात्रों के सिर में चोट, पहले भी जारी हो चुके हैं नोटिस; स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
शहडोल/गोहपारू। शहडोल जिले के गोहपारू जनपद क्षेत्र स्थित चुहरी हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों के बीच विवाद और गुटबाजी का मामला सामने आया है। सोमवार को मध्यावकाश के दौरान कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दो छात्रों के सिर में चोट आने की जानकारी सामने आई है।
मारपीट के बाद विद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्कूल प्रबंधन ने किसी तरह स्थिति को शांत कराया। इसके बाद संबंधित छात्रों के अभिभावकों को विद्यालय बुलाया गया और उपद्रव में शामिल छात्रों को नोटिस जारी किए जाने की बात सामने आई है।
पहले भी जारी हो चुके हैं नोटिस
बताया जा रहा है कि विद्यालय में छात्रों के बीच विवाद और अनुशासनहीनता की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी छात्रों की हरकतों को लेकर स्कूल प्रबंधन की ओर से नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद दोबारा मारपीट की घटना सामने आने से विद्यालय की अनुशासन व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सवाल यह भी है कि पूर्व में नोटिस जारी करने के बाद छात्रों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की गई और विवाद की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्कूल प्रबंधन ने क्या कदम उठाए।
समय रहते नहीं चेता प्रबंधन तो बढ़ सकता है खतरा
विद्यालय में छात्रों के बीच लगातार बढ़ते विवाद को लेकर शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि समय रहते गुटबाजी और अनुशासनहीनता पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर घटना हो सकती है।
नोटिस के साथ काउंसलिंग और निगरानी जरूरी
मामले में केवल नोटिस जारी करना पर्याप्त नहीं माना जा सकता। स्कूल में छात्रों की नियमित निगरानी, शिक्षकों की सक्रिय भूमिका और काउंसलिंग की व्यवस्था किए जाने की जरूरत है। साथ ही विवाद में बार-बार शामिल होने वाले छात्रों के व्यवहार और पूर्व घटनाओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन इस घटना के बाद क्या ठोस कदम उठाते हैं और विद्यालय में अनुशासन एवं सुरक्षित शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के लिए किस स्तर पर कार्रवाई की जाती है।
What's Your Reaction?