भोपाल में प्रभात पेट्रोल पंप चौराहे पर लंबा जाम, घंटों फंसे लोग और स्कूल बसें
रिपोर्ट-- मनीष श्रीवास्तव, भोपाल
भोपाल। राजधानी भोपाल में सोमवार दोपहर प्रभात पेट्रोल पंप चौराहे के आसपास यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। अप्सरा से प्रभात चौराहा, अशोका गार्डन और सुभाष नगर की ओर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में आम राहगीरों के साथ कई स्कूल बसें और एक एम्बुलेंस भी फंसी रही।
सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण कई वाहन चालक काफी देर तक एक ही जगह खड़े रहने को मजबूर रहे। स्कूल बसों में सवार बच्चों को भी जाम के चलते देरी का सामना करना पड़ा। वहीं, एम्बुलेंस के फंसने से लोगों में चिंता की स्थिति बनी रही।
ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने के बावजूद मौके पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। लोगों के मुताबिक, समय रहते यातायात व्यवस्था संभाली जाती तो जाम को बढ़ने से रोका जा सकता था।
लोगों ने व्यवस्था सुधारने की मांग की
जाम के कारण कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों ने प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि ऐसे व्यस्त मार्गों पर पीक ऑवर के दौरान विशेष ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की तैनाती से जाम की स्थिति को जल्द नियंत्रित किया जा सकता है।
What's Your Reaction?