जावरा में 'अमृत हरित माह अभियान 2026' की शुरुआत, जनता कॉलोनी-कब्रिस्तान में हुआ पौधारोपण
जावरा।
पर्यावरण संरक्षण और हरित शहर के संकल्प के साथ नगरपालिका परिषद जावरा ने 'अमृत हरित माह अभियान 2026' का शुभारंभ किया। अभियान की शुरुआत जनता कॉलोनी एवं आले सैय्यद कब्रिस्तान परिसर में सामूहिक पौधारोपण से हुई। पूरे माह नगर के विभिन्न बगीचों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती अनम मोहम्मद यूसुफ कड़पा, उपाध्यक्ष सुशील कोच्चटा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) चंद्रशेखर सोनिस, शहर कांग्रेस महासचिव मोहम्मद यूसुफ कड़पा, पार्षदगण, नगरपालिका कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती अनम कड़पा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत नगर के प्रत्येक वार्ड में खाली भूमि, उद्यानों और विद्यालय परिसरों में पौधे लगाए जाएंगे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी चंद्रशेखर सोनिस ने बताया कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि पौधों का बेहतर विकास सुनिश्चित किया जा सके।
उपाध्यक्ष सुशील कोच्चटा ने नगरवासियों से अपने घरों और आसपास कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
नगरपालिका का लक्ष्य है कि 'अमृत हरित माह अभियान 2026' के माध्यम से जावरा को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक नगर बनाया जाए।
What's Your Reaction?