राम मंदिर चंदा मामले पर महिला कांग्रेस का 'सद्बुद्धि यज्ञ', एफआईआर की मांग
राम मंदिर निर्माण के नाम पर कथित चंदा गड़बड़ी के विरोध में मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में भोपाल में 'सद्बुद्धि यज्ञ', भजन-कीर्तन और उपवास का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तथा पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने यज्ञ में आहुति देकर भाजपा को सद्बुद्धि देने तथा कथित चंदा गड़बड़ी के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रार्थना की।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने भी राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था और यदि चंदे में अनियमितता हुई है तो वे अपने वकील के माध्यम से अयोध्या जाकर एफआईआर दर्ज कराएंगे।
जीतू पटवारी ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने कहा कि भगवान श्रीराम देशवासियों की आस्था के केंद्र हैं। यदि चंदे में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
कार्यक्रम के बाद महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित थाने पहुंचकर चंपत राय के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर शिकायत और ज्ञापन सौंपा। महिला कांग्रेस ने कहा कि निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होने तक प्रदेशभर में इस मुद्दे पर आंदोलन जारी रहेगा।
What's Your Reaction?