अयोध्यानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10.83 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार

Sep 8, 2026 - 21:02
 0  11
अयोध्यानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10.83 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार

भोपाल। राजधानी भोपाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “नशे से दूरी, है जरूरी 2.0” अभियान के तहत अयोध्यानगर थाना पुलिस ने ड्रग तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.83 ग्राम एमडी ड्रग्स, मोबाइल फोन और स्कूटी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने दशहरा मैदान, अयोध्यानगर के पास कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी की पहचान संदीप सिंह (40), निवासी करनाल, हरियाणा के रूप में हुई।

गुजरात से एमडी लाकर भोपाल में करता था सप्लाई

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी पहले गुजरात के वडोदरा में रहकर ट्रांसपोर्ट का काम करता था। वर्ष 2025 में वह भोपाल आया और यहां प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने लगा। पुलिस का दावा है कि क्लब और बार में आने-जाने के दौरान आरोपी की कुछ युवक-युवतियों से पहचान हुई, जिसके बाद वह कथित तौर पर वडोदरा से एमडी ड्रग्स लाकर भोपाल में सप्लाई करने लगा।

पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 2 हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से एमडी खरीदकर भोपाल में इसे कथित तौर पर 10 हजार रुपये प्रति ग्राम तक बेचता था।

क्लब और बार में युवाओं से बनाता था संपर्क

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी क्लब और बार में ड्रग्स का सेवन करने वाले युवाओं से संपर्क बनाकर उन्हें नशीला पदार्थ उपलब्ध कराता था। पुलिस के मुताबिक, वह बावड़िया कलां, मिनाल रेसीडेंसी, इंद्रपुरी सहित भोपाल के अलग-अलग इलाकों में ड्रग्स की सप्लाई करता था।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने करीब एक माह पहले बावड़िया कलां स्थित किराये का फ्लैट छोड़कर अयोध्यानगर के जी सेक्टर में किराये का मकान लिया था।

नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

अयोध्यानगर पुलिस अब आरोपी से ड्रग्स की खरीद-फरोख्त और उससे जुड़े अन्य लोगों के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वडोदरा और अन्य राज्यों से आरोपी के संपर्क किन लोगों से थे तथा भोपाल में ड्रग्स की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है।

जब्ती: 10.83 ग्राम एमडी ड्रग्स, मोबाइल फोन और स्कूटी क्रमांक MP04YN3185, कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 442/26, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट, थाना अयोध्यानगर भोपाल में प्रकरण दर्ज किया गया है। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow