रतलाम में एमडीएमए के साथ तस्कर गिरफ्तार, ₹1.10 लाख का मादक पदार्थ जब्त
रतलाम,
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माणकचौक थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 11 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, राकेश पंद्रो एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। घेराबंदी कर आरोपी शादाब उर्फ भूरा (40), निवासी अशोक नगर, रतलाम को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 11 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना माणकचौक में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, जुआ, दहेज प्रताड़ना और एनडीपीएस एक्ट सहित पहले से चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वर्तमान मामले के बाद उसके खिलाफ कुल पांच मामले दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?