स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर MBBS इंटर्न डॉक्टरों का चक्का जाम, कमला पार्क रोड पर प्रदर्शन
भोपाल। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर MBBS इंटर्न डॉक्टरों ने मंगलवार को राजधानी भोपाल में मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर कमला पार्क रोड पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। डॉक्टरों के सड़क पर बैठने से इलाके में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और भारी जाम की स्थिति बन गई।
इंटर्न डॉक्टरों की प्रमुख मांग है कि उनका मासिक स्टाइपेंड 14,377 रुपए से बढ़ाकर 30 हजार रुपए किया जाए। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का कहना है कि मौजूदा स्टाइपेंड उनकी जिम्मेदारियों और बढ़ती महंगाई के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
सीएम हाउस से करीब 200 मीटर दूर प्रदर्शन
MBBS इंटर्न डॉक्टर सीएम हाउस से करीब 200 मीटर की दूरी पर कमला पार्क रोड पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था संभालने के साथ ही प्रदर्शनकारियों से बातचीत का प्रयास किया जा रहा है।
रात की कार्रवाई का भी विरोध
इंटर्न डॉक्टरों ने बीती रात हुई पुलिस कार्रवाई का भी विरोध किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें हटाने के लिए लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। डॉक्टरों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
सड़क पर उतरे डॉक्टर, यातायात प्रभावित
डॉक्टरों के चक्का जाम के कारण कमला पार्क रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी के बीच स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि सरकार जब तक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
What's Your Reaction?