भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा, 1079 एलपीजी सिलेंडर जब्त
भोपाल।
राजधानी में घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत के बीच खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने एलपीजी सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 1079 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित सिलेंडरों को छोटे व्यापारियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था।
खाद्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नव तरुण भारत गैस एजेंसी के मिनी ट्रक को करोंद पीपल चौराहे के पास रोकने का प्रयास किया। चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन एएसओ अशोक सत्यार्थी ने पीछा कर ट्रक को थिंक गैस पंप के पास रुकवाया। तलाशी में वाहन से 79 भरे हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए।
जांच के दौरान चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर बुलाए गए एजेंसी संचालक भी सिलेंडरों से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा सके। जांच में दो सिलेंडरों की सील टूटी हुई भी मिली, जिससे अनियमितताओं की आशंका और गहरा गई।
इसी कार्रवाई के क्रम में कोकता क्षेत्र स्थित एक कथित गोदाम पर छापेमारी कर भारत गैस के 974 और एचपी के 26 सिलेंडर, यानी कुल 1000 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए। मौके से पांच वाहन भी जब्त किए गए। जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार लगातार शिकायतों के आधार पर एजेंसी को निगरानी में रखा गया था।
कार्रवाई के दौरान एजेंसी संचालक द्वारा एक वरिष्ठ अधिकारी के रीडर से फोन पर बात कराकर कार्रवाई रुकवाने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है। हालांकि खाद्य विभाग की टीम ने दबाव के बावजूद कार्रवाई जारी रखी।
इससे दो दिन पहले, 29 जुलाई को भी जिला आपूर्ति विभाग ने अर्चना इंडेन गैस एजेंसी के दो कर्मचारियों को घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर दूसरे सिलेंडरों में भरते हुए पकड़ा था। उस कार्रवाई में 24 घरेलू सिलेंडर और गैस ट्रांसफर में इस्तेमाल होने वाली पाइप जब्त की गई थी।
खाद्य विभाग की लगातार कार्रवाई से राजधानी में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
What's Your Reaction?