मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई: प्रदेशभर में 44,407 किलो दूध-दुग्ध उत्पाद जब्त, 2.73 करोड़ रुपये का माल पकड़ा

Aug 11, 2026 - 08:02
 0  5
मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई: प्रदेशभर में 44,407 किलो दूध-दुग्ध उत्पाद जब्त, 2.73 करोड़ रुपये का माल पकड़ा

भोपाल। खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने प्रदेशभर में बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान दूध और दुग्ध उत्पादों के बड़ी संख्या में नमूने लेकर उनकी जांच कराई जा रही है। विभाग की कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

दूध के 849 और घी के 601 नमूने लिए

विशेष अभियान के तहत अब तक दूध के 849 और घी के 601 नमूने लिए गए हैं। इसके अलावा पनीर के 296, मावा के 106 और अन्य दुग्ध उत्पादों के 382 नमूने लिए गए हैं। कुल 1,913 नमूनों की जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन मनोज पुष्प के मुताबिक विभाग की टीमें लगातार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कर रही हैं।

2.73 करोड़ रुपये के दूध-दुग्ध उत्पाद जब्त

अभियान के दौरान प्रदेशभर से 44,407 किलो दूध और दुग्ध उत्पाद जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2.73 करोड़ रुपये बताई गई है।

मिलावट पाए जाने पर 8 लाइसेंस अथवा पंजीयन निरस्त किए गए हैं। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत 38 प्रकरण दर्ज किए गए हैं और एक एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

पिछले साल भी हुई थी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से पिछले वर्ष असुरक्षित पाए गए खाद्य पदार्थों को बाजार से वापस मंगाने की कार्रवाई भी की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नमूना जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow