पुराने भोपाल में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने सांसद आलोक शर्मा की पहल, मोती मस्जिद मार्ग से हटेगी बैरिकेडिंग?
पुलिस कमिश्नर के साथ बैठक में व्यापारियों ने उठाई जाम और अतिक्रमण की समस्या, विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों पर सख्ती के निर्देश
भोपाल, 8 अगस्त 2026। पुराने भोपाल के बाजार क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही यातायात संबंधी समस्याओं को लेकर भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ बैठक की। बैठक में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बाजारों में जाम, बैरिकेडिंग, अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं।
मोती मस्जिद-सदर मंजिल मार्ग की बैरिकेडिंग का मुद्दा
व्यापारियों ने मोती मस्जिद के समीप की गई बैरिकेडिंग के कारण आवागमन प्रभावित होने की बात सांसद के सामने रखी। इस पर सांसद आलोक शर्मा ने पुलिस कमिश्नर से मोती मस्जिद से सदर मंजिल की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई अनावश्यक बैरिकेडिंग हटाने को कहा।
सांसद ने साथ ही विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने की बात कही, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो और बाजार क्षेत्र में आवागमन सुचारू बना रहे।
अतिक्रमण से भी प्रभावित हो रहा यातायात
बैठक में सुल्तानिया रोड और इमामी गेट क्षेत्र में अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सांसद ने कहा कि इकबाल मैदान के आसपास सड़क किनारे बड़ी संख्या में फल-सब्जियों के ठेले लगने से यातायात प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने अधिकारियों से अतिक्रमण हटाने के साथ ही ठेले-खोमचे वालों के लिए व्यवस्थित व्यवस्था करने की आवश्यकता बताई, ताकि लोगों का रोजगार भी प्रभावित न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
यातायात विशेषज्ञ करेंगे सर्वे
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सांसद को आश्वस्त किया कि आमजन की सुविधा और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित क्षेत्रों का यातायात विशेषज्ञों के माध्यम से सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के आधार पर जनहित में उचित निर्णय लिया जाएगा।
सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है कि नागरिकों और व्यापारियों को बेहतर एवं सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। यातायात प्रबंधन ऐसा होना चाहिए, जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?