एक निशान, एक प्रधान, एक विधान की ओर बढ़ा म.प्र., इसी महीने लागू होगा UCC: CM डॉ. मोहन यादव
जनसंघ के संस्थापक-विचारक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भोपाल में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लालघाटी पर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, रक्षा और उद्योग क्षेत्र में मध्यप्रदेश के स्वर्णिम इतिहास की रखी आधारशिला
सतगढ़ी में विशाल इंडस्ट्रियल पार्क और 15 हजार क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर की सौगात, देश में सबसे कम बेरोजगारी दर वाला राज्य बना एमपी
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भारतीय जनसंघ के प्रखर विचारक और संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी भोपाल के लालघाटी चौराहे पर स्थित डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने एक ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने एलान किया कि डॉ. मुखर्जी के 'एक निशान, एक प्रधान, एक विधान' के सपने को साकार करते हुए मध्यप्रदेश इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, "यह हमारे लिए अत्यंत गौरव का क्षण है कि मध्यप्रदेश उन गौरवशाली राज्यों में शामिल हो रहा है, जहां पूरे देश की तरह एक ही विधान लागू होगा। आजादी के समय संविधान की जिस कमी को डॉ. मुखर्जी ने रेखांकित किया था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब दूर किया जा रहा है।" उन्होंने कहा कि आज भारत की विश्व में एक अलग पहचान बन रही है।
रक्षा और उद्योग क्षेत्र में मध्यप्रदेश रचेगा नया इतिहास
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवाद और औद्योगिकीकरण के विचारों को धरातल पर उतार रही है। मध्यप्रदेश ने पहली बार रक्षा (डिफेंस) क्षेत्र में कदम बढ़ाते हुए नया इतिहास लिखा है और अब राज्य के भीतर ही उन्नत रक्षा उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। विकास की कड़ियाँ जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने सतगढ़ी में एक विशाल इंडस्ट्रियल पार्क के उद्घाटन की घोषणा की, जहां श्रमिकों के लिए रहने, खाने और रोजगार की तमाम आधुनिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि बदलते वक्त के साथ भोपाल एक समृद्ध आर्थिक राजधानी बनने की ओर अग्रसर है।
भोपाल में बनेंगे देश के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटर
वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती साख और बड़े आयोजनों की जरूरत को देखते हुए भोपाल में बुनियादी ढांचे को नया विस्तार दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अच्छे कामों के संकल्प के लिए कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास 5 हजार की क्षमता वाला कन्वेंशन सेंटर बनाया जा रहा है। इसके साथ ही, सतगढ़ी में 10 से 15 हजार लोगों की बैठक क्षमता वाला राज्य का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर भी आकार लेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास के आंकड़ों को साझा करते हुए गर्व व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और राज्य सरकार के प्रयासों का ही नतीजा है कि आज पूरे देश में मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है, जहां बेरोजगारी की दर सबसे कम है। डॉ. मुखर्जी के सपनों का आत्मनिर्भर और सक्षम मध्यप्रदेश बनाने के लिए सरकार हर वर्ग के कल्याण और विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रही है।
What's Your Reaction?