नागौद में बह गया विकास, पहली बारिश में दलदल बना स्कूल मार्ग, कीचड़ से जूझकर पढ़ने पहुंच रहे बच्चे

Jul 6, 2026 - 18:05
 0  5

सतना/नागोद।

सतना जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र की नागोद तहसील के छुलहा टोला गांव में पहली ही बारिश के बाद स्कूल जाने वाला करीब 900 मीटर लंबा रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है। मजबूरी में स्कूली बच्चों को रोज कीचड़ से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। बच्चों के संघर्ष का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश शुरू होते ही सड़क पर इतना कीचड़ हो जाता है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। छोटे-छोटे बच्चे फिसलते-संभलते और एक-दूसरे का सहारा लेकर स्कूल पहुंचते हैं। इससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के दौरान मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भी गांव से बाहर आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और कई बार आपातकालीन स्थिति में वाहन भी गांव तक नहीं पहुंच पाते।

ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल मार्ग का तत्काल निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलना शिक्षा के अधिकार का अहम हिस्सा है और बरसात में इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow