साइबर ठगी के ₹25,500 रुपए पुलिस ने कराए फ्रीज, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार

Sep 13, 2026 - 22:53
 0  10
साइबर ठगी के ₹25,500 रुपए पुलिस ने कराए फ्रीज, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई थी ठगी, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर माणकचौक पुलिस और साइबर सेल ने आरोपी को दबोचा

रतलाम। ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई ₹25,500 की साइबर ठगी के मामले में रतलाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी राशि फ्रीज करा दी। थाना माणकचौक में दर्ज साइबर अपराध क्रमांक 444/2026 की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ कर साइबर फ्रॉड से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में ठगी की राशि सुरक्षित कराने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना माणकचौक एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

शिकायत मिलते ही शुरू की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार फरियादी अभिषेक पिता आनंद जैन ने ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से ₹25,500 की धोखाधड़ी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए तकनीकी कार्रवाई शुरू की। NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर संबंधित वित्तीय लेन-देन पर तत्काल कार्रवाई कराई गई, जिसके परिणामस्वरूप ठगी की पूरी राशि ₹25,500 फ्रीज कराने में सफलता मिली।

पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध में समय पर शिकायत दर्ज होना बेहद महत्वपूर्ण है। शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई किए जाने से पीड़ित की पूरी ठगी गई राशि सुरक्षित कराई जा सकी।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान माणकचौक थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उपलब्ध तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर साइबर ठगी में संलिप्त आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस ने विशाल पिता सीताराम डावर (27) निवासी शिवधाम कॉलोनी, निम्बोदी, इंदौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से ठगी में इस्तेमाल किए गए माध्यमों, बैंक खातों और अन्य तकनीकी संसाधनों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

साइबर नेटवर्क की भी जांच

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर साइबर फ्रॉड में शामिल अन्य लोगों, बैंक खातों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow