भोपाल के तरावली डेरे में छापा, 14,200 लीटर अवैध शराब नष्ट
127 पुलिस और आबकारी जवानों ने तड़के मारा छापा, आरोपी भागे
मौके पर 12 अवैध भट्टियां तोड़ीं, 2 बॉयलर और 71 ड्रम जब्त किए
भोपाल। भोपाल पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने बैरसिया के तरावली डेरे में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तड़के की गई इस छापेमारी में टीम ने 14,200 लीटर अवैध महुआ शराब पकड़ी।
पुलिस को देख भागे आरोपी
पुलिस को मुखबिर से खबर मिली थी कि तरावली डेरे में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाई जा रही है। इसके बाद 127 अधिकारियों और जवानों की टीम ने सुबह-सुबह पूरे डेरे को घेर लिया। पुलिस और आबकारी की टीम को आते देख आरोपी अपने घर छोड़कर जंगलों की तरफ भाग गए।
जमीन में दबा रखी थीं भट्टियां
खाली पड़े मकानों और परिसरों की तलाशी लेने पर शराब से भरे 71 ड्रम मिले। इसके अलावा जमीन के नीचे बनाई गईं 12 अवैध भट्टियां और 2 बड़े बॉयलर भी पाए गए। टीम ने भट्टियों को तोड़ दिया और साक्ष्य के तौर पर जरूरी सैंपल लेकर बाकी बची हजारों लीटर शराब को मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?