मध्यप्रदेश में कर्मचारी संगठनों का आंदोलन तेज, लिपिक संघ ने मंत्रालय के सामने किया प्रदर्शन
भोपाल,
मध्यप्रदेश में सरकारी कर्मचारियों का आंदोलन अब सड़कों पर उतर आया है। लिपिक वर्गीय कर्मचारियों ने आज मंत्रालय के बाहर मुंडन कराकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर कड़ा रुख अपनाया।
अनुकंपा नियुक्ति में सीपीसीटी की अनिवार्यता के खिलाफ उबाल
मप्र लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश चतुर्वेदी ने बताया कि अनुकंपा नियुक्ति में सीपीसीटी (कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेशन टेस्ट) को अनिवार्य करने के कारण 1000 से अधिक युवाओं को सेवा से हटा दिया गया है। इसके विरोध में आज संघ ने मंत्रालय के सामने प्रदर्शन किया। चतुर्वेदी ने कहा कि मृत कर्मचारियों के आश्रितों द्वारा भी इस मामले में आवाज उठाई गई है। संघ की प्रमुख मांगों में सुरक्षित अनुकंपा नियुक्ति, समान कार्य-समान वेतन और मंत्रालय स्तरीय वेतनमान लागू करना शामिल है।
अलग-अलग दफ्तरों में वेतन भेदभाव का मुद्दा
मुकेश चतुर्वेदी ने कहा कि मंत्रालय, विधि, विधायी तथा राजभवन के दफ्तरों में कार्यरत लिपिकों को उन्नत वेतनमान एवं अन्य लाभ मिल रहे हैं, जबकि विभागाध्यक्ष कार्यालयों में समान कार्य करने वाले लिपिकों को इन सुविधाओं से वंचित रखा गया है। इस भेदभाव के खिलाफ आज संघ ने जोरदार प्रदर्शन किया।
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ का 18 अगस्त को बड़ा प्रदर्शन
वहीं, एमपी तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने 18 अगस्त को राज्य के सभी जिलों और मंत्रालय के सामने प्रदर्शन की घोषणा की है। संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने बताया कि पांच प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन किया जाएगा।
तिवारी ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों की तरह प्रदेश के कर्मचारियों को भी 1 जनवरी 2026 से 2% महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत दी जानी चाहिए। इसके अलावा नवनियुक्त कर्मचारियों को 3 वर्ष तक क्रमशः 70, 80 और 90% वेतन देने की व्यवस्था को तुरंत हटाया जाए। संघ ने कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने और ई-अटेंडेंस प्रणाली को समाप्त करने की भी मांग की है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष अतुल मिश्रा के नेतृत्व में 18 अगस्त को भोपाल में मंत्रालय के समक्ष विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर भोपाल जिला अध्यक्ष मोहम्मद सलीम ने बैठक बुलाकर आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की है।
What's Your Reaction?