स्कूलों में सड़क सुरक्षा अभियान, 32 बसों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को किया जागरूक
रतलाम,
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रतलाम यातायात पुलिस ने शनिवार को मॉर्निंग स्टार स्कूल एवं हिमालया इंटरनेशनल स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई, वहीं स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) आनंद स्वरूप सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में यातायात थाना प्रभारी कार्यवाहक निरीक्षक राजशेखर वर्मा, यातायात सूबेदार अनोखीलाल परमार एवं पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं और स्कूल स्टाफ से संवाद किया। विद्यार्थियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, यातायात संकेतों का पालन, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान दोनों विद्यालयों की 32 स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने बसों में आपातकालीन द्वार, फर्स्ट-एड किट, अग्निशामक यंत्र, पैनिक बटन, सुरक्षा हथौड़े सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच कर उनकी कार्यशीलता परखी।
यातायात पुलिस ने बस चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने और क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को बस में नहीं बैठाने की सख्त हिदायत दी। साथ ही स्कूल प्रबंधन से विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न स्कूलों में इस प्रकार के जागरूकता अभियान और स्कूल वाहनों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़े और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
What's Your Reaction?