पारिवारिक विवाद के बाद युवक की मौत, पत्नी के खिलाफ प्रकरण दर्ज; कथित ऑडियो की जांच कर रही पुलिस :::
विदिशा के सिविल लाइन थाना परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। इस बीच मृतक का अपने भाई से कथित फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
थाना परिसर के बाहर खाया था जहरीला पदार्थ
पुलिस के अनुसार, मृतक आकाश तीन दिन पहले पारिवारिक विवाद के मामले में सिविल लाइन थाने पहुंचा था। इसी दौरान उसने थाना परिसर के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज
पुलिस ने मृतक के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी पत्नी आसमा बी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के पिता जगदीश ने आरोप लगाया कि आसमा बी ने आकाश का विदिशा स्थित मकान बिकवा दिया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उसका वाहन भी बेच दिया गया और उस पर 10 लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। पिता का आरोप है कि झूठी शिकायतों के जरिए आकाश को कई बार जेल भी भिजवाया गया।
कथित ऑडियो आया सामने
घटना के बाद सामने आए एक कथित ऑडियो में आकाश अपने भाई से बातचीत के दौरान पत्नी, उसकी मां और भाई सहित सात लोगों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाता सुनाई दे रहा है। ऑडियो में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी का भी उल्लेख है।
ऑडियो की सत्यता की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि सामने आए ऑडियो की अभी फोरेंसिक या तकनीकी जांच नहीं हुई है। इसकी सत्यता की पुष्टि होना बाकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।
What's Your Reaction?