पन्ना टाइगर रिजर्व के इको-सेंसिटिव जोन में IRS अधिकारी का आलीशान रिसॉर्ट अवैध, वन विभाग की जांच में बड़ा खुलासा
पन्ना |
मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के इको-सेंसिटिव जोन में वरिष्ठ IRS अधिकारी श्रीनिवास कुमार और उनकी पत्नी द्वारा निर्मित एक आलीशान होमस्टे को वन विभाग की जांच में अवैध पाया गया है। जांच रिपोर्ट में भूमि खरीद से लेकर निर्माण तक कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 से 2022 के बीच खरीदी गई 4.9 एकड़ भूमि के बड़े हिस्से को राजस्व रिकॉर्ड में वन भूमि के रूप में दर्ज बताया गया है। आरोप है कि इस भूमि पर निर्माण कार्य के लिए वन विभाग से आवश्यक अनुमति और स्वीकृति प्राप्त नहीं की गई थी।
वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में परिसर में 6 लक्जरी कॉटेज, स्विमिंग पूल, किचन एवं डाइनिंग हॉल, जिम, जल शोधन संयंत्र, पार्किंग शेड तथा कर्मचारियों के लिए दो मंजिला भवन निर्मित पाए गए। इसके अलावा परिसर से दो सफारी वाहन, एक ट्रैक्टर, एक नाव और निर्धारित मानकों से अलग एक बड़ी आरा मशीन भी बरामद हुई, जिसे वन विभाग ने जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में इको-सेंसिटिव जोन के नियमों और वन भूमि से जुड़े प्रावधानों के उल्लंघन की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और संबंधित पक्षों के खिलाफ वन एवं पर्यावरण कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह मामला सामने आने के बाद पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध निर्माण और पर्यावरणीय नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की निगाहें वन विभाग और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
What's Your Reaction?