करंट ने ली हाथी की जान
बाणसागर के चंदौली गांव में खेत में मिला मखना हाथी का शव, खुले बिजली तार बने मौत का कारण, वन विभाग में हड़कंप!
शहडोल। जिले में एक बार फिर मानव और वन्यजीव संघर्ष की दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। बाणसागर इलाके के चंदौली गांव में एक मखना हाथी की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। खेत में हाथी का शव मिलने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। डीएफओ तरुणा वर्मा ने खुद इस मौत की पुष्टि की है।
*दल से बिछड़कर गांव में घुसा था हाथी*
जानकारी के अनुसार ब्यौहारी वन परिक्षेत्र में इन दिनों करीब 25 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। पिछले कुछ वर्षों से शहडोल और बाणसागर के जंगलों में हाथियों का स्थायी डेरा बन गया है। अक्सर रात के समय भोजन की तलाश में हाथियों का दल जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाता है। कच्चे मकानों में रखे अनाज की गंध हाथियों को अपनी ओर खींचती है।
आशंका जताई जा रही है कि इसी दल से बिछड़कर एक अकेला मखना हाथी चंदौली गांव के राजस्व क्षेत्र में पहुंच गया। रात के अंधेरे में घूमते समय वह खेत में बिछे बिजली के तारों की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
*खुले तारों ने ली जान, जिम्मेदार कौन?*
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव में घरों और बोरवेल तक बिजली पहुंचाने के लिए खुली और नंगी तारों का इस्तेमाल किया जा रहा था। बोरवेल के पास फैली यही खुली तार हाथी की मौत का कारण बनी। यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के असुरक्षित इंतजामों और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के असली कारणों की पुष्टि होगी।
*एक दिन पहले ही ग्रामीणों ने जताई थी चिंता*
गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले बाणसागर अंतर्गत जगमल पंचायत के ग्राम सेझहरी में ग्रामीणों ने हाथियों के आतंक की शिकायत की थी। ग्रामीणों का कहना था कि शाम होते ही हाथियों का झुंड गांव में आ जाता है, कच्चे मकानों और फसलों को नुकसान पहुंचाता है। हाथियों की आवाजाही के दौरान बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे गांव में अंधेरा छा जाता है और ग्रामीणों को लाठी-मशाल लेकर रात भर पहरा देना पड़ता है। और अब दूसरे ही दिन करंट से हाथी की मौत ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
वन विभाग के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती हाथियों की सुरक्षा और ग्रामीणों की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाना है।
What's Your Reaction?