टीईटी के विरोध में शिक्षकों ने निकाली संकल्प-न्याय यात्रा

Sep 14, 2026 - 22:14
 0  6
टीईटी के विरोध में शिक्षकों ने निकाली संकल्प-न्याय यात्रा

पुरानी पेंशन बहाली, ई-अटेंडेंस बंद करने और प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता बहाल करने की मांग; चित्रगुप्त मंदिर में हवन कर लिया संकल्प

रायसेन। टीईटी परीक्षा के विरोध में रविवार को प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक (PMUM) शिक्षक संघ ने संकल्प-न्याय यात्रा निकाली। तहसील कार्यालय स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई यात्रा भोपाल रोड स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर तक पहुंची। इस दौरान शिक्षकों ने टीईटी परीक्षा के विरोध में नारे लगाते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

यात्रा के बाद शिक्षकों ने श्री चित्रगुप्त मंदिर में हवन किया और मांगों के समर्थन में संकल्प लिया। संयुक्त मोर्चा अध्यक्ष सूर्य प्रकाश सक्सेना ने बताया कि शिक्षकों की वरिष्ठता नियुक्ति दिनांक से निर्धारित नहीं की जा रही है। इससे शिक्षकों में असंतोष है। उन्होंने कहा कि प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता बहाल की जाए। साथ ही पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और ई-अटेंडेंस बंद करने की मांग भी सरकार से की जा रही है।

शिक्षकों का कहना है कि टीईटी परीक्षा को लेकर प्रदेशभर में विरोध जारी है। इसी क्रम में रायसेन में संकल्प-न्याय यात्रा के माध्यम से सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाई गईं। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow