मेडिकल कॉलेज में गुटखा थूकने पर गार्ड पर ताना चाकू: रात भर गार्ड रूम में बंद रहे युवक डायल 112 आई पर बिना कार्रवाई लौटी सुबह अधीक्षक की फटकार पर जागी सोहागपुर पुलिस

Oct 13, 2026 - 21:36
 0  12
मेडिकल कॉलेज में गुटखा थूकने पर गार्ड पर ताना चाकू: रात भर गार्ड रूम में बंद रहे युवक  डायल 112 आई पर बिना कार्रवाई लौटी सुबह अधीक्षक की फटकार पर जागी सोहागपुर पुलिस

शहडोल।बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने वाली घटना सामने आई है। जहां मरीज जिंदगी बचाने आते हैं, वहां दो युवक रात में चाकू लेकर घूमते रहे और ICU के पास तैनात गार्ड पर चाकू तान दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना की सूचना पर रात में डायल 112 मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों आरोपियों को बिना हिरासत में लिए वापस लौट गई। सुबह अस्पताल अधीक्षक की शिकायत के बाद सोहागपुर पुलिस हरकत में आई और दोनों युवकों को हिरासत में लिया।

*गुटखा थूकने से शुरू हुआ विवाद, चाकू तक पहुंचा*

जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के ICU वार्ड के पास रात में सुरक्षाकर्मी शारदा प्रसाद ड्यूटी पर थे। इसी दौरान दो युवक अपनी दो महिला मित्रों के साथ वहां बैठे दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि युवकों की महिला मित्रों के परिजन अस्पताल में भर्ती हैं। गार्ड ने उनसे वहां बैठने को लेकर पूछताछ की, इसी दौरान युवकों ने वहां गुटखा थूक दिया। गार्ड ने जब इस पर आपत्ति जताई तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि एक युवक ने जेब से चाकू निकालकर गार्ड को धमकाना शुरू कर दिया।

शोर सुनकर अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को पकड़कर गार्ड रूम में बंद कर दिया।

*रात में पुलिस की लापरवाही!*

सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर आई भी, लेकिन दोनों युवकों को अपने साथ नहीं ले गई और थाने की पुलिस के आने की बात कहकर चली गई। पूरी रात दोनों युवक गार्ड रूम में बंद रहे।

मंगलवार सुबह जब मामले की जानकारी अस्पताल अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह और डॉ. विक्रांत कबीरपंथी को मिली तो उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और सीधे सोहागपुर थाना प्रभारी से संपर्क किया। इसके बाद सोहागपुर थाने की टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लिया।

दोनों युवक सोहागपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। उनका चाकू लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचने का मकसद क्या था, इसकी जांच पुलिस कर रही है। इधर इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और अस्पताल में मौजूद मरीजों और परिजनों में दहशत का माहौल है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow