20 दिनों में 110 चोरी के वाहन बरामद, मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Oct 6, 2026 - 12:32
 0  6
20 दिनों में 110 चोरी के वाहन बरामद, मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई
20 दिनों में 110 चोरी के वाहन बरामद, मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गुना में अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा, 24 बाइक जब्त; बैतूल में 22 और ग्वालियर में 22 वाहन बरामद

भोपाल, 6 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश में वाहन चोरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 20 दिनों में अलग-अलग जिलों से चोरी किए गए 110 वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार पतारसी के आधार पर वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। इस दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है।

गुना में अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

गुना जिले की चांचौड़ा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से गुना, इंदौर, राजगढ़ और राजस्थान के अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 24 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

बैतूल में 22 मोटरसाइकिलें जब्त

बैतूल के भैंसदेही थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की 21 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई में चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। दोनों कार्रवाई में कुल 22 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

ग्वालियर में 22 बाइक बरामद

ग्वालियर के डबरा सिटी थाना पुलिस ने एक वाहन चोर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर 19 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं मुरार थाना पुलिस ने जनभागीदारी से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल के साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया।

भितरवार थाना पुलिस ने भी सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए वाहन चोरों को गिरफ्तार किया और 2 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह ग्वालियर में कुल 22 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

जबलपुर में 13 दुपहिया वाहन जब्त

जबलपुर के हनुमानताल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया, जबकि 6 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 13 दुपहिया वाहन, 5 मोबाइल फोन और चाकू बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

टीकमगढ़ में अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा

टीकमगढ़ कोतवाली पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 9 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 90 हजार रुपये है।

अन्य जिलों में भी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार इंदौर से 2 थार और 1 स्कॉर्पियो, धार से 2 मोटरसाइकिल और 1 पिकअप वाहन जब्त किया गया। इसके अलावा मंदसौर से 3, नरसिंहपुर से 3 और छिंदवाड़ा से 2 वाहन बरामद किए गए हैं। खंडवा, उमरिया, सागर, सीहोर, विदिशा और छतरपुर से भी एक-एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और लगातार पतारसी का उपयोग किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इन प्रयासों से चोरी हुए वाहनों की पहचान और बरामदगी के साथ वाहन चोरी में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow