तेज बारिश के बीच पिकनिक स्पॉट पर फंसे सात युवक, पुलिस-ग्रामीणों ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

Aug 12, 2026 - 11:25
 0  16
तेज बारिश के बीच पिकनिक स्पॉट पर फंसे सात युवक, पुलिस-ग्रामीणों ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

भोपाल। पुराने भोपाल से मंगलवार को पिकनिक मनाने कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र के फाटापान-बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पहुंचे सात युवक अचानक आई मुसीबत में फंस गए। तेज बारिश के बाद पहाड़ों से उतरकर आए पानी का बहाव इतना तेज था कि सातों युवक एक टीले पर फंस गए।

बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सातों युवक पिकनिक मनाने के लिए फाटापान-बाबाझिरी पहुंचे थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश हुई। बारिश का पानी पहाड़ी इलाकों से उतरकर पिकनिक स्पॉट के चारों तरफ से तेज रफ्तार में बहने लगा। पानी का बहाव बढ़ने पर युवक सुरक्षित स्थान की तलाश में एक टीले पर पहुंच गए, लेकिन वहां से निकलना मुश्किल हो गया।

परिजनों को मोबाइल से दी सूचना

मुसीबत में फंसे युवकों ने मोबाइल फोन के जरिए अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

शाम 7 बजे मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही शाम करीब 7 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। तेज बहाव को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को सीधे टीले तक जाने से रोक दिया। इसके साथ ही एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई।

ग्रामीणों की मदद से चला रेस्क्यू अभियान

युवकों तक पहुंचने के लिए तीन संभावित रास्तों से रेस्क्यू की कोशिश की गई। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर सुरक्षित रास्ता तलाशते हुए संयुक्त प्रयास शुरू किए। आखिरकार सभी सात युवकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

रेस्क्यू के बाद सभी युवकों के सुरक्षित होने पर पुलिस और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों और तेज बहाव वाले पिकनिक स्पॉट पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow