भोपाल के दो पेट्रोल पंप सील, पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई

Aug 11, 2026 - 08:41
 0  12
भोपाल के दो पेट्रोल पंप सील, पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई

भोपाल। राजधानी भोपाल में पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पेट्रोल पंपों को सील कर दिया। दोनों पंपों पर मंगलवार को ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ दोबारा जांच की जाएगी। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य यह पता लगाना है कि पेट्रोल में पानी आखिर किस वजह से पहुंचा।

मिली जानकारी के अनुसार, अशोका गार्डन स्थित 80 फीट रोड के पास फेम पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत के बाद हंगामा हो गया था। मौके पर पहुंचे खाद्य विभाग के अधिकारियों ने जांच की। कुछ ग्राहकों ने बोतलों में पेट्रोल भरकर अधिकारियों को दिखाया, जिसमें पेट्रोल और पानी अलग-अलग दिखाई दे रहे थे।

शिकायत के बाद फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इसी तरह जहांगीराबाद स्थित राजधानी पेट्रोल पंप से भी पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत सामने आई। ग्राहकों ने बोतलों में पेट्रोल भरकर विभाग की टीम को दिखाया।

हंगामे के बाद पुलिस भी पहुंची

पेट्रोल में पानी मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्राहक पंप पर पहुंच गए और विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले को संभाला। जांच के बाद ग्राहकों को वापस लौटाया गया। कुछ ग्राहकों ने पानी मिले पेट्रोल से वाहन खराब होने की आशंका भी जताई।

बारिश का पानी पेट्रोल में मिलने की बात सामने आई

प्रारंभिक जांच में ईंधन टैंक में जंग लगने और उसमें बारिश का पानी प्रवेश करने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। पंप संचालक की ओर से भी बारिश के कारण पानी पेट्रोल में चले जाने की बात कही गई।

हालांकि, पेट्रोल में पानी मिलने की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट करने के लिए मंगलवार को ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ दोबारा जांच की जाएगी।

73 नमूने फेल, 8 लाइसेंस निरस्त

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से सोमवार तक की कार्रवाई के आंकड़े भी जारी किए गए हैं। विभाग के अनुसार जांच के दौरान 73 नमूने फेल पाए गए हैं, जबकि 8 लाइसेंस निरस्त किए जाने की जानकारी दी गई है।

फिलहाल दोनों पेट्रोल पंपों को सील कर दिया गया है, ताकि आगे पेट्रोल की बिक्री न हो सके। मंगलवार को होने वाली जांच के बाद ही मामले की स्थिति और पेट्रोल में पानी मिलने के कारणों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow