इंडियन एयरफोर्स में प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटीं सुहानी कुशवाह, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
गुनगा की बेटी ने IT & N Trade का प्रशिक्षण पूरा कर बढ़ाया गांव और क्षेत्र का गौरव, ग्रामीणों ने दी बधाई
बैरसिया। तहसील बैरसिया के ग्राम गुनगा की बेटी सुहानी कुशवाह, पुत्री श्री मलखान सिंह कुशवाह, ने इंडियन एयरफोर्स में IT & N Trade का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद गांव लौटने पर परिवारजनों और ग्रामीणों ने सुहानी का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
सुहानी के गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एकत्रित हुए। इस दौरान लोगों ने उनका स्वागत करते हुए उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। गांव में सुहानी के स्वागत को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मेहनत और लगन से हासिल की उपलब्धि
ग्रामीणों ने कहा कि सुहानी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर इंडियन एयरफोर्स में प्रशिक्षण पूरा कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता गांव की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। ग्रामीणों का कहना है कि सुहानी की उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों को भी शिक्षा और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का हौसला मिलेगा।
परिवार में खुशी का माहौल
सुहानी की सफलता से परिवार में भी खुशी का माहौल है। परिवारजनों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सुहानी आगे भी इसी तरह मेहनत और समर्पण के साथ गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करती रहेंगी।
What's Your Reaction?