BSNL के दो सीनियर इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने रंगेहाथ दबोचा

Aug 28, 2026 - 16:32
 0  10
BSNL के दो सीनियर इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने रंगेहाथ दबोचा
BSNL के दो सीनियर इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने रंगेहाथ दबोचा

जबलपुर की फर्म के 14 लंबित बिलों को पास करने के बदले मांगी थी रिश्वत, 75-75 हजार रुपये लेते पकड़े गए दोनों अधिकारी

भोपाल। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भोपाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए BSNL के दो वरिष्ठ इंजीनियरों को कथित रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों पर जबलपुर की एक फर्म के लंबित बिलों को प्रोसेस करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए दोनों को 75-75 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

सीबीआई के अनुसार, गिरफ्तार अधिकारियों में BSNL भोपाल के चीफ इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) और सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) शामिल हैं। आरोप है कि दोनों ने जबलपुर की उस फर्म से, जो BSNL के ऑपरेशन एवं कॉम्प्रिहेंसिव मेंटेनेंस (OCM) तथा इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन से जुड़े कार्य करती है, अपने-अपने स्तर पर 2-2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

14 अलग-अलग कार्यों के बिल थे लंबित

बताया गया है कि फर्म के 14 अलग-अलग कार्यों से संबंधित लंबित बिलों को प्रोसेस करने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया और इसके बाद ट्रैप की कार्रवाई की।

1.50 लाख रुपये लेते दबोचा

सीबीआई ने 27 अगस्त को ट्रैप कार्रवाई के दौरान दोनों अधिकारियों को मांगी गई रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 75-75 हजार रुपये, यानी कुल 1.50 लाख रुपये, स्वीकार करते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपियों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी शुरू की।

भोपाल के साथ लखनऊ और कानपुर में भी तलाशी

सीबीआई की टीम आरोपियों के भोपाल, लखनऊ और कानपुर स्थित आवासीय एवं कार्यालय परिसरों में तलाशी ले रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow