तिरंगों से सजा विदिशा, ‘हर घर तिरंगा’ रैली में दिखा राष्ट्रप्रेम का जोश
विदिशा। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत रविवार को विदिशा में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए बड़ी संख्या में लोग रैली में शामिल हुए। पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया और भारत माता के जयघोष से शहर गूंज उठा।
रैली में विदिशा विधायक मुकेश टंडन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ओ.पी. सनोडिया एवं नगर पालिका सीएमओ दुर्गेश सिंह ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक शामिल हुए। सभी ने तिरंगा लहराते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना से जोड़ने का अभियान है।
तिरंगा रैली के दौरान नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। रैली ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का मजबूत संदेश दिया।
What's Your Reaction?