तीन दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो भोपाल में उग्र आंदोलन की चेतावनी
भोपाल।
अशोकनगर जिले के मुंगावली वन क्षेत्र में वन माफिया द्वारा वन कर्मचारी पर किए गए कथित जानलेवा हमले को लेकर मध्य प्रदेश वन कर्मचारी मंच ने कड़ी नाराजगी जताई है। मंच ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वनकर्मी पर जानलेवा हमला
मुंगावली वन क्षेत्र में पदस्थ वन कर्मचारी कमलेश बाथम पर कथित रूप से वन माफिया ने प्राणघातक हमला किया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संगठन का आरोप है कि घटना के बाद भी प्रशासन ने अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
कर्मचारियों में बढ़ा असंतोष
मध्य प्रदेश वन कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने कहा कि इस घटना के बाद प्रदेशभर के वन कर्मचारियों में भय और भारी असंतोष का माहौल है। उन्होंने मांग की कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उन पर रासुका लगाया जाए, ताकि भविष्य में वनकर्मियों पर इस तरह के हमलों की पुनरावृत्ति न हो सके। मंच ने बताया कि इस संबंध में जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है, लेकिन पुलिस-प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम
वन कर्मचारी मंच ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर हमले के आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध रासुका के तहत कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन भोपाल की सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा। साथ ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर प्रदेशव्यापी विरोध दर्ज कराया जाएगा।
What's Your Reaction?