12 घंटे पेड़ पर बैठा रहा युवक, रेस्क्यू के दौरान 25 फीट नीचे गिरा, सिर में गंभीर चोट

Jul 4, 2026 - 12:48
 0  11
12 घंटे पेड़ पर बैठा रहा युवक, रेस्क्यू के दौरान 25 फीट नीचे गिरा, सिर में गंभीर चोट

राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित आरिफ नगर में गुरुवार देर रात शुरू हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा शुक्रवार दोपहर हादसे में बदल गया। एक युवक करीब 12 घंटे तक पेड़ पर बैठा रहा। पुलिस और नगर निगम की रेस्क्यू टीम लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करती रही, लेकिन वह किसी को अपने पास नहीं आने दे रहा था।

जानकारी के अनुसार, युवक के पास एक डंडा था और जो भी उसके करीब पहुंचता, वह उसे मारने की कोशिश करता। इसके बाद नगर निगम की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। क्रेन की मदद से कई बार उसे उतारने का प्रयास किया गया, लेकिन वह हर बार टीम को दूर भगा देता था।

शुक्रवार सुबह रेस्क्यू के दौरान युवक एक शाखा से दूसरी शाखा पर जाने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 25 फीट नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, युवक अपनी पहचान केवल "सोनारे" नाम से बता रहा है और प्रारंभिक जानकारी में उसके नागपुर निवासी होने की बात सामने आई है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर होने के कारण विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी है। पुलिस उसके परिजनों का पता लगाने और यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह भोपाल कैसे पहुंचा और पेड़ पर क्यों चढ़ा था। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow