सोलर प्लांट से तांबे की केबल चोरी का खुलासा, प्लांट के ही दो सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार

Jul 30, 2026 - 20:07
 0  30
सोलर प्लांट से तांबे की केबल चोरी का खुलासा, प्लांट के ही दो सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार

सीसीटीवी, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से ताल पुलिस को मिली सफलता, दो आरोपी अब भी फरार

रतलाम | 

रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम असावता के सोलर प्लांट से तांबे की केबल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्लांट में कार्यरत दो सिक्योरिटी गार्डों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को फरियादी राकेश पाल ने ग्राम असावता स्थित सोलर प्लांट से तांबे की केबल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर ताल थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को सोलर प्लांट में कार्यरत सिक्योरिटी गार्डों की संलिप्तता के संकेत मिले। इसके बाद पुलिस ने नागुसिंह राजपूत (34) निवासी खजुरी देवड़ा और सुरपालसिंह राजपूत (25) निवासी कंथारिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने लालसिंह राजपूत और कृष्णपालसिंह राजपूत के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक चोरी किया गया तांबे का केबल फिलहाल फरार आरोपियों के पास होने की जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी के नेतृत्व में उप निरीक्षक थानसिंह चौहान सहित थाना ताल की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow