राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर भोपाल में बजरंग दल का प्रदर्शन, राहुल गांधी के खिलाफ जताया आक्रोश
भोपाल।
राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर संसद में उठे विवाद के विरोध में राजधानी भोपाल में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालकर कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और मंदिर से जुड़े मामलों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि राम मंदिर निर्माण के समय भी कांग्रेस की ओर से मंदिर निर्माण का विरोध किया गया था। अब मंदिर निर्माण के बाद चढ़ावे को लेकर सवाल उठाकर रामलला की आस्था को राजनीतिक विवाद में खींचने का प्रयास किया जा रहा है।
राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के संगठन सहमंत्री हरिओम शर्मा और स्थानीय संतों ने राहुल गांधी सहित विपक्ष के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। वक्ताओं ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और सनातन संस्कृति के प्रतीकों को लेकर किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।
साधु-संतों के वेश के अपमान पर भी जताई नाराजगी
बजरंग दल नेताओं ने कहा कि सनातन संस्कृति और साधु-संतों के वेश का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
बजरंग दल ने राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे के विवाद को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।
What's Your Reaction?