शराब-ड्रग्स माफिया पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, मुख्यमंत्री से मांगा जवाब

Jul 6, 2026 - 21:54
 0  6
शराब-ड्रग्स माफिया पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, मुख्यमंत्री से मांगा जवाब

भोपाल। 

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में सामने आ रहे अवैध शराब तस्करी और ड्रग्स के मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश शराब और ड्रग्स माफियाओं के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इस पर जवाब देना चाहिए।

पटवारी ने कहा कि हाल ही में आलीराजपुर के जोबट में दो कंटेनरों से करीब दो करोड़ रुपये की 2,004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसे गुजरात भेजा जा रहा था। वहीं भोपाल और मंदसौर के बाद मऊगंज में करोड़ों रुपये की ड्रग्स फैक्ट्री पकड़े जाने की घटना से प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार का खुलासा हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और प्रशासन के संरक्षण के बिना इतने बड़े स्तर पर अवैध कारोबार संभव नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा शासन में शराब, ड्रग्स, रेत और भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं, जबकि कानून-व्यवस्था कमजोर होती जा रही है।

पटवारी ने आलीराजपुर शराब तस्करी और मऊगंज ड्रग्स फैक्ट्री प्रकरण की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए कहा कि केवल छोटे आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। पूरे नेटवर्क, उसे संरक्षण देने वालों और आर्थिक मददगारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आखिर शराब और ड्रग्स माफियाओं का यह नेटवर्क किसके संरक्षण में चल रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow