15वें वित्त आयोग की राशि अटकी, बैरसिया जनपद में बवाल: 25 जनपद सदस्यों ने दी इस्तीफे की चेतावनी
बैरसिया।
15वें वित्त आयोग की वर्ष 2025-26 की राशि जारी नहीं होने से बैरसिया जनपद पंचायत में नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। गुरुवार को जनपद पंचायत के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर एसडीएम सुश्री शिवांगी बघेल को ज्ञापन सौंपा और लंबित राशि तत्काल जारी कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो सभी 25 जनपद सदस्य सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे।
जनपद सदस्यों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए कार्ययोजनाएं पहले ही तैयार की जा चुकी हैं, लेकिन 15वें वित्त आयोग की राशि नहीं मिलने से सड़क, नाली, पेयजल सहित कई जरूरी विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान जनपद पंचायत प्रतिनिधि घनश्याम शर्मा ने आरोप लगाया कि करीब ₹1.5 करोड़ की राशि जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) देवेश सराठे की कथित लापरवाही के कारण वापस चली गई। उनका कहना है कि समय पर ऑडिट नहीं कराए जाने से यह स्थिति बनी, जिससे पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हुए।
जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और लंबित राशि तत्काल जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह केवल धनराशि का मामला नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और जनता के अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है।
जनपद सदस्यों ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो वे सामूहिक इस्तीफा देने के साथ आंदोलन को भी व्यापक रूप देंगे।
What's Your Reaction?