रावटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिजली तार चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
पिकअप वाहन और चोरी के एल्युमिनियम तार समेत करीब 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त
रतलाम। जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रावटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने BIDS Project Pvt. Ltd. के बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन और चोरी किए गए एल्युमिनियम के बिजली तार सहित करीब 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
बिजली तार चोरी की सूचना पर ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 की रात करीब 11:45 बजे ग्राम खेड़ी बजरंगगढ़ में बिजली के तार चोरी किए जाने की सूचना मिली। बताया गया कि 4-5 व्यक्ति पिकअप वाहन से मौके पर पहुंचे और बिजली के खंभे पर चढ़कर एल्युमिनियम कंडक्टर काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे।
ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया और एक व्यक्ति को पकड़ लिया। इस दौरान उसके अन्य साथी चोरी किए जा रहे तार को मौके पर छोड़कर पिकअप वाहन से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर रावटी पुलिस मौके पर पहुंची। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुरपाल पिता सरदार भाभर, निवासी आड़ापंथ के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ बिजली के एल्युमिनियम तार चोरी करने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचने की बात बताई।
पुलिस ने दबिश देकर तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा
मामले में थाना रावटी में अपराध क्रमांक 581/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। साथ ही चोरी के तारों की खरीद-फरोख्त करने वाले कबाड़ कारोबारियों और दुकानों की भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
सुरपाल पिता सरदार भाभर, उम्र 32 वर्ष, निवासी आड़ापंथ, थाना रावटी।
भारत उर्फ भरत पिता रिंगा भाभर, उम्र 18 वर्ष, निवासी आड़ापंथ, थाना रावटी।
पप्पु पिता बदुड़ा भुरिया, उम्र 42 वर्ष, निवासी नीमचौक, रावटी — पिकअप वाहन चालक एवं वाहन स्वामी।
भरत पिता नेता तोलाराम बोरिया, उम्र 43 वर्ष, निवासी अम्बेडकर कॉलोनी, रावटी — कबाड़ दुकानदार।
10 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP-13-AM-8207, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये है, तथा करीब 2 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए एल्युमिनियम बिजली तार बरामद किए हैं। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी रावटी श्री सुरेन्द्र सिंह गड़रिया, उप निरीक्षक गलसिंह भावेल, प्रधान आरक्षक रविन्द्र शुक्ला, प्रधान आरक्षक महेश ठाकरे, प्रधान आरक्षक आशीष धानक, आरक्षक अवधेश सिंह परमार, आरक्षक बहादुर डांगी एवं आरक्षक जयेश पोसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?