सांची की पहाड़ी माची में एक महीने से घूम रहा तेंदुआ पिंजरे में कैद, वन विभाग ने भोपाल के वन विहार भेजा
वन विभाग की 20 दिनों की रणनीति और निगरानी के बाद मिली सफलता, पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने ली राहत की सांस
सांची।
विश्व धरोहर स्थल सांची की पहाड़ी माची क्षेत्र में पिछले एक महीने से घूम रहा तेंदुआ सोमवार रात को पिंजरे में कैद हो गया है। इस घटना से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों ने राहत की सांस ली है।
वन विभाग के अनुसार, तेंदुए की लगातार मौजूदगी से सांची के लोगों और पर्यटकों में डर का माहौल था। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने करीब 20 दिन पहले ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से दो पिंजरे लगाए थे।
वन विभाग के एसडीओ रजनीश कुमार शुक्ला ने बताया कि सोमवार रात करीब 11:30 बजे तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। तेंदुए को पकड़ने के लिए विभाग की दो टीमें लगाई गई थीं। एक टीम दिन में गश्त करती थी, जबकि दूसरी टीम रात में निगरानी रखती थी।
लगभग 20 दिनों की कड़ी निगरानी और रणनीति के बाद वन विभाग को इसे सुरक्षित पकड़ने में कामयाबी मिली है। पकड़े गए तेंदुए को वन विहार भोपाल में छोड़ दिया गया है।
What's Your Reaction?