शादी का भरोसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी फरार
भोपाल। राजधानी भोपाल के रातीबड़ इलाके में निर्माणाधीन इमारत में काम करने वाली 19 वर्षीय युवती ने अपने साथी मजदूर पर शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर रातीबड़ पुलिस ने आरोपी देवराज यादव के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
निर्माण स्थल पर हुई थी दोस्ती
पुलिस के मुताबिक, युवती और आरोपी दोनों रातीबड़ क्षेत्र की एक निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी करते हैं। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि करीब एक साल पहले देवराज ने उससे शादी करने का भरोसा देकर पहली बार उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार शादी का भरोसा देता रहा और दोनों के बीच कई बार संबंध बने।
शादी से किया इनकार, थाने पहुंची युवती
युवती के अनुसार, हाल में उसने देवराज से शादी करने की बात कही, लेकिन आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने रातीबड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश करने के साथ ही मामले से जुड़े तथ्यों और युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?