70 फीट गहरे कुएं में कूदा व्यक्ति, डायल-112 जवानों ने रस्सी के सहारे बचाया
रतलाम। थाना ताल क्षेत्र के ग्राम पिपलिया तुखार में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने करीब 70 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और रस्सी की मदद से व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को डायल-112 कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिली कि थाना ताल की चौकी खारवा कला अंतर्गत ग्राम पिपलिया तुखार में एक व्यक्ति अज्ञात कारणों और पारिवारिक विवाद के चलते गहरे कुएं में कूद गया है। सूचना मिलते ही थाना ताल क्षेत्र में तैनात डायल-112 की एफआरवी-16 को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक प्रवीण कुमार और पायलट अशोक चौहान ने स्थिति का जायजा लिया। कुएं की गहराई करीब 70 फीट होने के बावजूद जवानों ने बिना देरी किए रस्सी के सहारे रेस्क्यू शुरू किया और सूझबूझ व तत्परता से व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद डायल-112 स्टाफ ने व्यक्ति से पूछताछ की और आवश्यक समझाइश दी। इसके बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस जवानों की तत्परता से व्यक्ति की जान बच सकी।
What's Your Reaction?