हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन: रविंद्र यति
संत रविदास जयंती और तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला भोपाल नगर की बैठक
भोपाल,
भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल नगर की मासिक बैठक गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष रविंद्र यति की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती, 9 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान, 9 अगस्त को टी.टी. नगर स्टेडियम से निकलने वाली तिरंगा यात्रा और 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में अभियानों को सफल बनाने के लिए जिला और मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां भी तय की गईं। हर घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा का जिला प्रभारी जिला महामंत्री चेतन भार्गव तथा संत रविदास जयंती कार्यक्रमों का जिला प्रभारी जिला महामंत्री मुकेश राय को बनाया गया।
घर-घर तिरंगा पहुंचाने का आह्वान
जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर तिरंगा पहुंचाकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कलश यात्राएं सामाजिक समरसता, समानता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगी।
कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से अभियान को सफल बनाएं
जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन द्वारा तय अभियानों को निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ सफल बनाएंगे। वहीं महापौर मालती राय ने कहा कि भोपाल की जनता इन अभियानों में उत्साहपूर्वक भागीदारी करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, पार्षद, एल्डरमैन, प्रकोष्ठ संयोजक, मंडल महामंत्री और अभियान की मंडल स्तरीय टोलियों के सदस्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?