व्यापारी की दुकान पर ताला गाड़ी हड़पी, 7 लाख के वसूले 36 लाख, SP से हुई शिकायत

Oct 13, 2026 - 22:47
 0  38
व्यापारी की दुकान पर ताला गाड़ी हड़पी,  7 लाख के वसूले 36 लाख, SP से हुई शिकायत

अनूपपुर 

जिले में सूदखोरों का आतंक किस कदर बढ़ चुका है, इसका जीता-जागता उदाहरण राजेन्द्रग्राम में सामने आया है। 54 वर्षीय व्यापारी अयोध्या प्रसाद सोनी पिता भूरे लाल सोनी की जिंदगी सूदखोरों ने नर्क बना दी है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

*7 लाख 25 हजार के जाल में फंसाया*

पीड़ित के अनुसार उसने 2021-2022 में केदार गुप्ता से 3 लाख, गणेश गुप्ता उर्फ बल्लू से 2 लाख 25 हजार और इनके रिश्तेदार कोटमी निवासी जुग्गा गुप्ता से 2 लाख रुपये उधार लिए थे। कुल 7 लाख 25 हजार रुपये का कर्ज लेकर उसने सोचा था कि व्यापार बढ़ाएगा, लेकिन सूदखोरों ने उसे ब्याज के दलदल में ऐसा फंसाया कि मूल राशि से कई गुना ज्यादा पैसा लगभग 36 लाख ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नगद के रूप में वसूल लिया गया।

*दुकान पर कब्जा कर, गल्ला लूट!*

इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित की दुकान पर कब्जा करना चाहा। दुकान की चाबी छीनकर अपने पास रख ली और अपना ताला लगा दिया। पीड़ित का आरोप है कि दिन भर उसकी दुकान में आरोपियों के घर के सदस्य बैठे रहते हैं और शाम को दिन भर की बिक्री की सारी राशि लेकर चले जाते हैं। व्यापारी खुद अपनी ही दुकान में नौकर बनकर रह गया है।

*Scorpio भी हड़पी*

सूदखोरों ने पीड़ित की चार पहिया वाहन स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 65 सी 0980 को भी नहीं छोड़ा। 2 लाख रुपये ब्याज की रकम के एवज में और 2 लाख 35 हजार रुपये नगद देकर उसकी गाड़ी को कब्जे में रखते हुए स्टाम्प पेपर पर जबरदस्ती लिखवा-पढ़ी करा ली।

*अब घर पर भी कब्जे की धमकी, आत्महत्या के विचार*

इन सबके बावजूद पीड़ित और उसके परिवार को अपमानित कर धमकी दी जा रही है कि और पैसा नहीं दिया तो अनूपपुर वाले घर में घुसकर उसे भी कब्जा कर लेंगे। लगातार प्रताड़ना, धमकियों, अवैध ब्याज वसूली और मानसिक दबाव के कारण पीड़ित अत्यंत परेशान हो गया है और उसे लगातार आत्महत्या के विचार आ रहे हैं।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से इस मामले में FIR दर्ज कर न्याय दिलाने की मांग की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow