महावीर कॉलोनी में सरकारी बगीचे की जमीन पर कब्जे का आरोप, रहवासियों ने सौंपा ज्ञापन

Jul 9, 2026 - 20:14
 0  60
महावीर कॉलोनी में सरकारी बगीचे की जमीन पर कब्जे का आरोप, रहवासियों ने सौंपा ज्ञापन

जावरा (रतलाम)।

शहर की महावीर कॉलोनी में बगीचे के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर कथित कब्जा और अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। इसको लेकर कॉलोनी के बड़ी संख्या में रहवासी नगर पालिका पहुंचे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में रहवासियों ने आरोप लगाया कि बगीचे के लिए आरक्षित सरकारी भूमि के प्लॉट काटकर बेचे गए हैं तथा वर्तमान में वहां निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने, विवादित भूमि का सर्वे कराने और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

रहवासियों का कहना है कि भूमि विवाद के कारण कॉलोनी में तनाव की स्थिति बनी हुई है। उनका आरोप है कि विरोध करने पर संबंधित व्यक्ति ने जमीन को अपनी बताते हुए निर्माण कार्य जारी रखने की बात कही और कथित रूप से धमकी भी दी।

वहीं, आरोपों के संबंध में दूसरे पक्ष इरफान मेव का कहना है कि संबंधित भूमि के वैध दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं और उन्हीं के आधार पर निर्माण कराया जा रहा है।

नगर पालिका प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवादित भूमि की वास्तविक स्थिति क्या है और आरोपों में कितनी सच्चाई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow