NH-43 के धुरवार टोल पर थार सवार ने दिखाई पिस्टल, टोल कर्मियों को धमकाया, सोहागपुर पुलिस ने दर्ज की FIR
रिपोर्ट-----आकाश नामदेव
शहडोल।
धुरवार टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद. में पिस्टल दिखाने वाले दबंग के खिलाफ सोहागपुर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। आरोपी दिग्विजय सिंह उर्फ ऋषि के खिलाफ FIR दर्ज कर अब उसका आर्म्स लाइसेंस निरस्त कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
*फास्टैग में बैलेंस नहीं, तो दिखा दी पिस्टल*
घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है। बुढार की ओर से आ रही थार गाड़ी धुरवार टोल प्लाजा पहुंची। जांच में फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस नहीं मिला। टोल कर्मियों ने चालक से नकद शुल्क जमा करने या फास्टैग रिचार्ज कराने को कहा — बस इसी बात पर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हो गई और थार चालक ने कमर से पिस्टल निकालकर टोल कर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया। पिस्टल देख टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
*पुलिस ने कसा शिकंजा*
टोल कर्मी राजकुमार यादव की लिखित शिकायत पर सोहागपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी आरपी रावत ने बताया कि _"पिस्टल का लाइसेंस सुरक्षा के लिए दिया जाता है, दहशत फैलाने के लिए नहीं। आरोपी का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा जाएगा।"_
वीडियो वायरल होने के बाद से ही आरोपी पर कार्रवाई की मांग उठ रही थी। अब लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया पर सबकी नजर है।
What's Your Reaction?