छोटी महानदी ने छीन ली 26 साल के राहुल की जिंदगी, 24 घंटे बाद करहिया डैम में मिला शव, परिवार में मातम
रिपोर्ट--- आकाश नामदेव
उमरिया/चंदिया।छोटी महानदी में दोस्तों के साथ नहाने गया एक 26 वर्षीय युवक जिंदगी की जंग हार गया। करीब 24 घंटे की तलाश के बाद सोमवार सुबह उसका शव करहिया डैम में मिला। शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान *राहुल उर्फ रवि बर्मन पिता राजेश बर्मन उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-1 चंदिया* के रूप में हुई है।
दोस्तो के साथ गया था नहाने
बताया जा रहा है कि रविवार को राहुल अपने दोस्त राज कुशवाहा और चार अन्य साथियों के साथ छोटी महानदी गया था। सभी साथी किनारे पर थे, केवल राहुल ही नहाने के लिए नदी में उतरा। नहाते-नहाते वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन तेज बहाव में उसे बचा नहीं सके।
*24 घंटे चला सर्च ऑपरेशन*
घटना की सूचना मिलते ही चंदिया पुलिस और SDERF की टीम मौके पर पहुंची। रविवार देर शाम तक नाव से सर्चिंग की गई, लेकिन अंधेरा और गहरा पानी होने के कारण सफलता नहीं मिली। पूरी रात परिवार घाट पर ही टकटकी लगाए बैठा रहा।
सोमवार सुबह करहिया डैम में शव दिखाई दिया। शव पत्थरों के बीच फंसा हुआ था, जिसे काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 11 बजे बाहर निकाला जा सका। पानी में 24 घंटे रहने के कारण शव की स्थिति खराब हो चुकी थी।
*बिलखता रहा परिवार*
बेटे के लौटने की राह देख रहे माता-पिता को जब मौत की खबर मिली तो घर में कोहराम मच गया। पूरे वार्ड में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?