महिलाओं के लिए अलग शराब दुकान के वायरल दावे पर भाजपा का खंडन
मध्यप्रदेश भाजपा ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के लिए अलग शराब दुकानें खोले जाने संबंधी वायरल दावों को भ्रामक और असत्य बताया है। पार्टी का कहना है कि यह निर्णय वर्ष 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने लिया था, जिसका भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए पूरे प्रदेश में विरोध किया था।
भाजपा के अनुसार, जनविरोध के चलते कांग्रेस सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा और मार्च 2020 में सरकार परिवर्तन के बाद यह प्रस्ताव लागू नहीं हो सका।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान भाजपा सरकार का महिलाओं के लिए अलग शराब दुकानें खोलने की किसी योजना से कोई संबंध नहीं है और ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन भी नहीं है। भाजपा ने कहा कि वह नशामुक्त समाज की पक्षधर है तथा धर्मस्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास शराब दुकानें बंद करने जैसे निर्णय लेकर अपनी प्रतिबद्धता साबित कर चुकी है।
भाजपा ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और किसी भी जानकारी को सत्यापित किए बिना आगे साझा न करें।
What's Your Reaction?