SAGE यूनिवर्सिटी हॉस्टल के खाने में कीड़ा मिलने पर छात्रों का हंगामा, मौके पर पहुंची पुलिस

Sep 28, 2026 - 14:54
 0  26
SAGE यूनिवर्सिटी हॉस्टल के खाने में कीड़ा मिलने पर छात्रों का हंगामा, मौके पर पहुंची पुलिस

भोपाल। SAGE यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में खाने की गुणवत्ता को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल के भोजन में लगातार कीड़े और गंदगी मिल रही है। सोमवार को खाने में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों ने विरोध जताया। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।

छात्रों का दावा है कि पिछले एक महीने के दौरान हॉस्टल के खाने में 2 से 4 बार कीड़े मिल चुके हैं। वहीं गर्ल्स हॉस्टल के खाने में रोजाना बाल मिलने का भी आरोप लगाया गया है। छात्रों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद भोजन की हाइजीन और क्वालिटी पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

कीड़ा निकलने के बाद भी नहीं बदला खाना

छात्रों ने आरोप लगाया कि भोजन में कीड़ा मिलने के बाद भी खाना बदला नहीं गया और वही भोजन छात्रों को परोसा जाता रहा। छात्रों के मुताबिक, रात में स्पेशल स्वीट के तौर पर दिए गए रसगुल्ले भी खराब थे। छात्रों ने रसगुल्लों के सड़े होने का दावा किया है।

सुविधाओं को लेकर भी छात्रों में नाराजगी

हॉस्टल में मिलने वाली सुविधाओं को लेकर भी छात्रों ने सवाल उठाए हैं। छात्रों का कहना है कि फीस और फैसिलिटी के नाम पर उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। छात्रों ने एक फैकल्टी पर धमकाने और नशे में रहने के आरोप भी लगाए हैं।

छात्रों ने हॉस्टल के भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार की मांग की है। वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर मौजूद रही। छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों पर यूनिवर्सिटी प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow