शब्बीर कुमार नाइट में बिखरा सुरों का जादू, अमिताभ के सदाबहार गीतों पर झूमे दर्शक

Oct 5, 2026 - 19:43
 0  48
शब्बीर कुमार नाइट में बिखरा सुरों का जादू, अमिताभ के सदाबहार गीतों पर झूमे दर्शक
शब्बीर कुमार नाइट में बिखरा सुरों का जादू, अमिताभ के सदाबहार गीतों पर झूमे दर्शक

शब्बीर कुमार, अरविंद दयाल शर्मा, इशिता विश्वकर्मा, शिफा रूबी और तेजल विश्वकर्मा ने दी शानदार प्रस्तुतियां; रात 11 बजे तक चला संगीत का सिलसिला

भोपाल। M-3 ग्रुप भोपाल एवं एक्टिव फ्रेंड्स ऑफ भोपाल द्वारा रविवार को हंसध्वनि, रवींद्र भवन में आयोजित “शब्बीर कुमार लाइव – अमिताभ बच्चन नाइट” संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गई। कार्यक्रम में बॉलीवुड के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दक्षिण-पश्चिम भोपाल विधायक भगवान दास सबनानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर M-3 ग्रुप के अध्यक्ष दिनेश गर्ग, कार्यक्रम संयोजक सुबोध श्रीवास्तव, एक्टिव फ्रेंड्स ऑफ भोपाल के संरक्षक दीपक जोशी, संयोजक मो. तारिक, अध्यक्ष डॉ. राजीव जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिभुवन मिश्रा, संगठन सचिव राजकुमार श्रीवास्तव, महासचिव प्रमोद शर्मा और महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष शशि सोनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

विशेष अतिथियों में सुरेश गर्ग, हरिओम जटिया, अनिल सिरवैया, समाजसेवी रामबाबू शर्मा, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष सुनील श्रीवास्तव और मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की सचिव सीमा सोनी उपस्थित रहीं।

लोकप्रिय गीतों से बांधा समां

कार्यक्रम में अरविंद दयाल शर्मा ने “कभी कभी मेरे दिल में”, “पग घुंघरू बांध मीरा नाचे” सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। वहीं इशिता विश्वकर्मा ने “देखा एक ख्वाब तो ये सिलसिला हुआ”, “दूरी न रहे कोई”, “नीला आसमां सो गया” और “ये कहां आ गए हम” जैसे गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया।

मुख्य कलाकार शब्बीर कुमार ने “मां शेरावाली”, “सारी दुनिया का बोझ हम उठाते हैं”, “मुझे पीने का शौक नहीं” और “जिंदगी हर कदम एक नई जंग है” जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साह बढ़ाया।

तेजल विश्वकर्मा ने भी अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मन मोह लिया। कई गीतों में कलाकारों ने युगल प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

शब्बीर कुमार की नातिन शिफा रूबी ने भी जीता दिल

कार्यक्रम का खास आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब शब्बीर कुमार की नातिन शिफा रूबी मंच पर अपनी प्रस्तुति देने पहुंचीं। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।

शाम से ही भरने लगा था हॉल

कार्यक्रम की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दर्शक शाम करीब 5 बजे से ही रवींद्र भवन पहुंचने लगे थे। कुछ ही समय में हॉल पूरी तरह खचाखच भर गया और बड़ी संख्या में दर्शकों को आसपास खड़े होकर कार्यक्रम देखना पड़ा। आयोजकों के अनुसार, बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी पहुंचे जिन्हें जगह नहीं मिलने के कारण वापस लौटना पड़ा।

शुरू से लेकर रात करीब 11 बजे तक दर्शक कलाकारों की प्रस्तुतियों में मंत्रमुग्ध नजर आए।

अमिताभ बच्चन के फिल्मी सफर को किया याद

कार्यक्रम में महानायक अमिताभ बच्चन के फिल्मी सफर और उनके सदाबहार गीतों को संगीत के माध्यम से याद किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन आशीष दवे, आयुषी पचौरी और पुरवा राय ने किया।

आयोजक M-3 ग्रुप के अध्यक्ष दिनेश गर्ग और “वॉयस ऑफ किशोर” अरविंद दयाल शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में भी दर्शकों के लिए इससे बेहतर और शानदार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम की सफलता पर M-3 ग्रुप के अध्यक्ष दिनेश गर्ग एवं पूरी टीम तथा एक्टिव फ्रेंड्स ऑफ भोपाल के अध्यक्ष डॉ. राजीव जैन और सभी पदाधिकारियों ने कलाकारों, संगीत प्रेमियों और कार्यक्रम के सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow