स्वतंत्रता दिवस समारोह में विवाद, भाजपा संगठन की कार्यशैली पर उठे सवाल

Aug 17, 2026 - 19:55
 0  5
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विवाद, भाजपा संगठन की कार्यशैली पर उठे सवाल

राजनगर/बनगवां। नगर परिषद बनगवां में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया, लेकिन समारोह के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं को लेकर माहौल कुछ समय के लिए गरमा गया। सीट को लेकर भाजपा नेताओं के बीच कहासुनी और बाद में वीडियो बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद स्थानीय स्तर पर भाजपा संगठन की कार्यशैली और नेताओं के आपसी समन्वय पर सवाल उठने लगे हैं।

नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक, विद्यार्थी, शिक्षक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर परिषद उपाध्यक्ष धनंजय सिंह एवं सीएमओ लखनलाल पनिका की देखरेख में अतिथियों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और अमर शहीदों के बलिदान को याद किया। इस दौरान भाजपा नेता दादा गजेंद्र सिंह, पार्षद प्रमोद शुक्ला, पार्षद संगीता सोनी, पूर्व जिला अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा धर्मेंद्र सिंह और सांसद प्रतिनिधि मनोज सिंह सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।

सीट को लेकर बढ़ा विवाद

समारोह के दौरान उस समय स्थिति असहज हो गई, जब निर्धारित सोफा सीट को लेकर पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनीता सिंह और मंडल अध्यक्ष कमलेश चतुर्वेदी के बीच कहासुनी की स्थिति बन गई।

बताया गया कि ध्वजारोहण के बाद भारत माता की छवि धारण किए महिला और सुनीता सिंह अपनी निर्धारित सीट पर पहुंचीं, जहां मंडल अध्यक्ष कमलेश चतुर्वेदी बैठे हुए थे। सुनीता सिंह द्वारा सीट पर जाने के लिए कहे जाने के बाद दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि इस दौरान कथित रूप से अमर्यादित भाषा का भी प्रयोग किया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मामला बढ़ता देख नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह ने हस्तक्षेप किया और समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद कार्यक्रम दोबारा सामान्य रूप से शुरू हो सका।

वीडियो बनाने को लेकर भी कहासुनी

कुछ देर बाद पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश गौतम और नगर परिषद के एक कर्मचारी के बीच भी कहासुनी हो गई। बताया गया कि कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे कर्मचारी को लेकर विवाद शुरू हुआ। मामला बढ़ता देख नगर परिषद अध्यक्ष ने एक बार फिर बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।

घटनाक्रम से नाराज सुरेश गौतम द्वारा मंच से भविष्य में नगर परिषद के कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने की बात कहे जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद यह मामला समारोह में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

राष्ट्रीय पर्व के मंच पर विवाद से उठे सवाल

स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों के बीच विवाद सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व के मंच पर सभी को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर गरिमा और अनुशासन का परिचय देना चाहिए।

वहीं, समारोह में हुए घटनाक्रम के बाद भाजपा के स्थानीय संगठन में आपसी समन्वय और नेताओं की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, विवाद से जुड़े पक्षों की ओर से पूरे मामले पर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow