लाल बस में जेबकटी करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, अवैध छुरी भी बरामद
मंगलवारा थाना पुलिस की कार्रवाई, 20 हजार रुपये की चोरी का मशरूका बरामद; एक आरोपी पर 10 साल पुराने दो स्थायी वारंट भी थे
भोपाल। शहर में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवारा थाना पुलिस ने लाल बस में जेबकटी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध धारदार छुरी बरामद करने के साथ ही लाल बस में हुई 20 हजार रुपये की चोरी के मामले का मशरूका भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर शहर में वाहन एवं बस चेकिंग के साथ संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित तथा सहायक पुलिस आयुक्त हनुमानगंज संभाग राकेश सिंह बघेल के निर्देशन में मंगलवारा थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सोनी की टीम द्वारा लाल बसों में चेकिंग की जा रही थी।
डबल फाटक पर संदिग्धों को पकड़ा
17 अगस्त 2026 को डबल फाटक के पास लाल बस की चेकिंग के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध व्यक्ति मिले। पूछताछ में उनकी पहचान नासिर उर्फ आरिफ (40) निवासी अर्जुन नगर, मैदामिल और आजाद उर्फ गज्जू (36) निवासी अर्जुन नगर, मैदामिल के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आजाद उर्फ गज्जू के कब्जे से लोहे की धारदार छुरी बरामद हुई। पुलिस ने छुरी जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।
20 हजार रुपये की जेबकटी का खुलासा
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 30 जुलाई 2026 को लाल बस में एक व्यक्ति की जेब से 20 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी किया गया मशरूका बरामद कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
10 साल पुराने दो स्थायी वारंट भी तामील
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आजाद उर्फ गज्जू के खिलाफ थाना एमपी नगर और मंगलवारा थाने में करीब 10 वर्ष पुराने दो स्थायी वारंट लंबित थे। पुलिस ने दोनों वारंटों में भी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आजाद उर्फ गज्जू के खिलाफ 11 अपराध, जबकि नासिर उर्फ आरिफ के खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में 30 से अधिक अपराध दर्ज हैं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में मंगलवारा थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सोनी, सउनि गनपत सिंह मरावी, सउनि अजीत सिंह बघेल, प्रआर जितेन्द्र मालवीय, प्रआर सतीश कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप बाथम, आरक्षक शुभम परमार, सूरज जम्होरिया, ब्रजेश रावत, दीवान सिंह और कांस्टेबल राजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?