बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व में शुरू हुई कोर जोन टाइगर सफारी, देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक
उमरिया।
विश्व प्रसिद्ध बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मानसून के बाद एक अक्टूबर से कोर जोन में टाइगर सफारी की शुरुआत हो गई है। सफारी शुरू होते ही देश-विदेश से पर्यटक बाघों और वन्यजीवों के दीदार के लिए बाँधवगढ़ पहुंचे। सुबह से ही पर्यटन वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई और पर्यटकों में जंगल सफारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
टाइगर सफारी के शुभारंभ के अवसर पर बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने वैदिक मंत्रोच्चार साथ बंधवाधीश की पूजा अर्चना के बाद फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर सफारी वाहनों को रवाना किया। इस दौरान डिप्टी डायरेक्टर बांधवगढ़ एवं पार्क अमले के अधिकारी-कर्मचारी, गाइड और बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद रहे।
सफारी के पहले दिन देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ ही विदेशों से भी पर्यटक बाँधवगढ़ पहुंचे। लखनऊ से आए एक नन्हे पर्यटक का वन विभाग की ओर से विशेष रूप से स्वागत किया गया। फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने बालक को टोपी और रिंग भेंट कर उसकी खुशी बढ़ाई। नन्हे पर्यटक के चेहरे पर जंगल सफारी को लेकर उत्साह साफ दिखाई दिया।
संयुक्त राज्य अमेरिका से बाँधवगढ़ पहुंचीं पर्यटक एमी ने अपने पुराने सफारी अनुभव को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में पहली बार बाँधवगढ़ में टाइगर सफारी की थी। उस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध बाघिन डॉटी और उसके शावकों को देखा था। करीब नौ वर्ष बाद मानसून के बाद दोबारा शुरू हुई टाइगर सफारी में शामिल होने के लिए वह फिर बाँधवगढ़ पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि पुराने अनुभव की यादें आज भी उनके लिए खास हैं और दोबारा बाँधवगढ़ आकर वह बेहद उत्साहित हैं।
दिल्ली से आए पर्यटक चारु सिंह ने भी बाँधवगढ़ के प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों को करीब से देखने को लेकर खुशी जताई। पर्यटकों का कहना है कि बाँधवगढ़ में बाघों के साथ-साथ घने जंगल, प्राकृतिक सौंदर्य और अन्य वन्यजीव सफारी को खास बनाते हैं।
What's Your Reaction?